मानसून से निपटने को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, जलभराव वाले 169 हॉटस्पॉट चिन्हित, हर जगह तैनात रहेगा पुलिस बल
नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। राजधानी में लगातार हो रही बारिश और मानसून के दौरान संभावित जलभराव से निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर शहर में 169 ऐसे स्थानों की पहचान की गई है, जहां बारिश के दौरान अक्सर जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आती है। इन सभी स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मानसून शुरू होने से पहले ही विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली थी। जलभराव की स्थिति बनने पर ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखना और लोगों को कम से कम परेशानी हो, यही प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस का नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बना हुआ है। जहां-जहां जलभराव की आशंका रहती है, वहां एजेंसियों के सहयोग से स्थायी वाटर पंप लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर पंप भी तुरंत मौके पर भेजे जाएंगे ताकि सड़क से पानी जल्द निकाला जा सके।
दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसी से तत्काल संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जाए। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड की निगरानी कर रहे हैं और सभी पुलिसकर्मियों की लोकेशन एवं रिस्पॉन्स टाइम पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी सड़क पर अधिक जलभराव होता है तो वहां तत्काल ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक तुरंत पहुंचाई जाएगी, ताकि वाहन चालक पहले से वैकल्पिक मार्ग चुन सकें और जाम से बच सकें।
वहीं नई दिल्ली क्षेत्र में वीआईपी मूवमेंट को लेकर भी अलग से योजना तैयार की गई है। यदि किसी कारण से यातायात में बदलाव करना पड़ता है तो इसकी सूचना पहले ही सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक कर दी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि पिछले दो दिनों की बारिश के दौरान राजधानी में कहीं भी बड़े स्तर पर जलभराव की समस्या सामने नहीं आई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार जरूर धीमी रही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सड़क पर मौजूद रहेगी और मानसून के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी