मोदी जी कहीं नहीं जा रहे ब्रो! के नारे के साथ लाल हिट जनता पार्टी ने निकाला शांति मार्च
नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। लाल हिट जनता पार्टी की ओर से रविवार को राजघाट से रामलीला मैदान तक शांति मार्च का आयोजन किया गया। “मोदी जी कहीं नहीं जा रहे ब्रो!” के नारे के साथ आयोजित इस मार्च में पार्टी के सदस्यों और समर्थकों सहित करीब 200 लोगों ने भाग लिया। मार्च का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक एवं संयोजक अयन भटनागर ने किया।
मार्च में शामिल प्रतिभागियों के हाथों में पार्टी के बैनर, फ्लेक्स और पोस्टर थे। इनके माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए देश में हो रहे विकास कार्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस दौरान पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति समर्थन व्यक्त किया और कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक विचारधारा तथा प्रधानमंत्री के संबंध में उसके राजनीतिक रुख के प्रति विरोध दर्ज कराया। पार्टी ने देश के विकास, भारतीय संविधान की सर्वोच्चता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश भी दिया।
राजघाट से शुरू हुआ यह शांतिपूर्ण मार्च रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। पार्टी की ओर से कहा गया कि मार्च का उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से जनजागरूकता फैलाना, राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को उठाना और शांतिपूर्ण नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
उल्लेखनीय है कि लाल हिट जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम, संविधान की सर्वोच्चता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला एक मंच है। पार्टी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक भागीदारी के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने और राष्ट्रहित के मुद्दों को उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी