राजीव चौक और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर दिखेगा विभाजन का दर्द, 21 अगस्त तक लगी प्रदर्शनी

 




नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को राजीव चौक और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर विशेष प्रदर्शनी लगाई। 14 अगस्त को मनाए जाने वाले इस दिवस के माध्यम से देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों के विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष की कहानी को लोगों के सामने रखा गया है। दोनों स्टेशनों पर लगाई गई प्रदर्शनी 21 अगस्त तक यात्रियों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान सामने आई त्रासदी और उसके दूरगामी प्रभावों को विभिन्न माध्यमों से दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को उस दौर की घटनाओं से परिचित कराना और विभाजन के कारण प्रभावित हुए लाखों लोगों की पीड़ा को याद करना है।

डीएमआरसी के अनुसार, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन उन लोगों के दर्द, संघर्ष और कठिनाइयों को सामने लाने के लिए किया जाता है, जिन्हें वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा था। इसे भारतीय इतिहास में सबसे बड़े मानव विस्थापनों में से एक माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और देश के सामाजिक ताने-बाने पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ा।

राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर मुख्य प्रदर्शनी के अलावा कश्मीरी गेट स्टेशन पर भी इसी विषय पर प्रदर्शनी लगाई गई है। डीएमआरसी का कहना है कि दोनों प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रदर्शनी लगाने से बड़ी संख्या में यात्रियों को इस ऐतिहासिक घटना के बारे में जानने और उसे समझने का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी को इस तरह तैयार किया गया है कि लोग विभाजन से जुड़ी घटनाओं और उसके मानवीय प्रभावों को करीब से समझ सकें। इसमें उस दौर की पीड़ा और विस्थापन को याद करते हुए लोगों को इतिहास के इस अध्याय पर विचार करने का अवसर दिया जा रहा है।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि दोनों मेट्रो स्टेशनों पर लगाई गई ये प्रदर्शनी 21 अगस्त तक आम लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगी। मेट्रो से सफर करने वाले यात्री इस दौरान प्रदर्शनी देख सकते हैं और देश के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से रूबरू हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी