दिल्ली नगर निगम ने ‘संपत्तिकर निपटान योजना (सुनियो)’ को 31 मार्च तक बढ़ाया : महापौर

 




नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। दिल्ली में संपत्तिकर निपटान योजना (सुनियो) को 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी के दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने दी। उन्होंने सभी योग्य संपत्ति करदाताओं से इस योजना के तहत लाभ उठाते हुए इस अवसर का उपयोग करने की अपील की।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि हम सभी संपत्ति मालिकों एवं कब्जाधारियों से अपील करते हैं कि वे ‘सुनियो योजना’ के तहत इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठाएं और बिना किसी ब्याज व जुर्माने के अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का निपटान करें। उन्होने यह भी बताया कि यह योजना 31 मार्च के बाद आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।

महापौर ने आगे कहा कि हमने विलंब शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की है, बल्कि इसे पूर्व विस्तारित अवधि अर्थात फरवरी माह के दौरान लागू दर 5 प्रतिशत के समान ही रखा है।

महापौर ने बताया कि नागरिक टैक्स एमनेस्टी योजना में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और सुनियो योजना का लाभ उठा रहे हैं। एक मार्च तक 1,87,425 करदाताओं ने इस पहल का लाभ उठाते हुए 1089.97 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया है। इसमें से 1,34,666 आवासीय संपत्तियों से 211.44 करोड़ रुपये तथा 52,759 गैर-आवासीय संपत्तियों से 878.52 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि सुनियो योजना के तहत करदाता वित्तीय वर्ष 2020-21 से पूर्व की प्रॉपर्टी टैक्स देनदारी, साथ ही उस पर लगने वाले ब्याज और जुर्माने की पूर्ण छूट प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते वे चालू वित्तीय वर्ष (2025-26) तथा पिछले पांच वित्तीय वर्षों (2020-21 से 2024-25) का मूल प्रॉपर्टी टैक्स बिना किसी ब्याज और जुर्माने के जमा करें।

महापौर ने आगे बताया कि एक मार्च तक चालू वित्तीय वर्ष (सूनियों योजना सहित) में कुल 2893.86 करोड़ रुपये का टैक्स संग्रह 12,78,445 करदाताओं से हुआ है, जबकि गत वर्ष की समान अवधि में 10,56,528 करदाताओं से 1937.44 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ था। यह कर संग्रह में 49.37 प्रतिशत की वृद्धि तथा करदाताओं की संख्या में 21 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि 1,02,201 नए करदाताओं ने सुनियो योजना का लाभ उठाते हुए पहली बार प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान किया है और इन प्रथम बार करदाताओं से 395.96 करोड़ का टैक्स संग्रह हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 11,33,161 करदाताओं से 2132.29 करोड़ का कर संग्रह हुआ था, जो कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक हुए संग्रह से काफी कम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी