वार्ड कमेटी और स्थायी समिति के चुनाव टालने पर आम आदमी पार्टी का निगम पर हमला

 


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड कमेटियों और स्थायी समिति के चुनाव काे बार-बार टालने को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने निगम पर तीखा हमला बोला है।

आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार में चल रही अंदरूनी राजनीति और पदों की खींचतान के कारण संवैधानिक प्रक्रियाओं को दरकिनार किया जा रहा है।

सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को कहा कि एमसीडी वार्ड कमेटियों और स्थायी समिति के चुनाव दो बार तय किए गए, नोटिफिकेशन जारी हुए, लेकिन बिना कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या था कि चुनाव को टाला जा रहा है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सरकार को घेरते हुए कहा कि निगम वार्ड कमेटी चुनावों से भाग रही है। साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि चुनाव तीसरी बार टाले गए हैं। 29 मई को नामांकन और तीन जून को प्रस्तावित चुनाव को बिना निर्धारित प्रक्रिया अपनाए अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि डीएमसी एक्ट की धारा 53(2) के अनुसार अध्यक्ष की मंजूरी के बिना चुनाव की तारीख तय या स्थगित नहीं की जा सकती, फिर निगम सचिव ने किसके निर्देश पर यह फैसला लिया।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एमसीडी की स्थायी समिति के सदस्य प्रवीण राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और एमसीडी चारों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद दिल्ली की जनता को सिर्फ अव्यवस्था मिली है।

प्रवीण राजपूत ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था, पानी संकट और कूड़ा प्रबंधन को लेकर भी निगम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी में हर तरफ पानी की किल्लत और कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं, जबकि सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि वार्ड कमेटी अध्यक्ष के चुनाव न होने के कारण पिछले तीन महीनों से एमसीडी का कामकाज ठप पड़ा है। 31 मार्च के बाद कोई नई बैठक नहीं हो सकी और न ही कोई एजेंडा पास हो पाया। स्थायी समिति की फरवरी और मार्च में हुई बैठकों में भी कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ।

प्रवीण राजपूत ने आरोप लगाया कि डीएमसी एक्ट की धारा 53(2) का उल्लंघन करते हुए बिना अध्यक्ष के हस्ताक्षर के चुनाव स्थगन का नोटिफिकेशन जारी किया गया। साथ ही बिना स्थायी समिति के ही एजेंडे पास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि स्थायी समिति चुनाव बार-बार टालने की वजह स्पष्ट करे और तत्काल प्रभाव से वार्ड कमेटी अध्यक्ष के चुनाव संपन्न कराए ताकि दिल्ली नगर निगम का कामकाज फिर से सुचारु हो सके।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी