(अपडेट) एमसीडी वार्ड समिति चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर आआपा का बड़ा एक्शन, तीन पार्षद निलंबित
नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने एमसीडी वार्ड समिति चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए तीन पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि वेस्ट जोन की पार्षद निर्मला देवी शर्मा, कृष्णा देवी राघव तथा सिटी एसपी जोन की पार्षद सुल्ताना आबाद को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित किया गया है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनादेश और संगठन के साथ किसी भी प्रकार की गद्दारी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि वेस्ट जोन में चेयरमैन पद के चुनाव के दौरान पार्टी के 13 पार्षद होने के बावजूद केवल 11 मत मिले, जिससे दो पार्षदों द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद वार्ड संख्या-114 की निर्मला देवी शर्मा और वार्ड संख्या-116 की कृष्णा देवी राघव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सिटी एसपी जोन में भी पार्षद सुल्ताना आबाद द्वारा पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं किए जाने के कारण पार्टी को नुकसान हुआ। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें भी निलंबित किया गया है।
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों या क्रॉस वोटिंग में शामिल किसी भी पार्षद को संगठन में स्थान नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पार्टी का होता है और पार्टी के जनादेश के खिलाफ जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी