दिल्ली के महापौर ने निगम विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ किया योग

 




नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने आज 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ अंबेडकर स्टेडियम में दिल्ली नगर निगम के स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, मध्य जोन अध्यक्ष योगिता सिंह, पार्षद सारिका चौधरी, पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, निगम आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त और क्षेत्रीय उपायुक्त सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

महापौर ने निगम प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों व निगम कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया। इस योग सत्र कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों के निर्देशन में बच्चों व कर्मचारियों द्वारा विभिन्न योगासन, श्वास अभ्यास और ध्यान का अभ्यास किया गया। इस वर्ष के योग दिवस की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' है।

महापौर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग आज एक वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है और आज यह दिन विश्व स्तर पर धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को शांतिपूर्ण बनाता है। योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा की संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है।

सत्या शर्मा ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वो अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग से जुड़ें एवं अपने परिवारों को भी जोड़ें।

दिल्ली नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने जीवन में योग को अपनाने और नियमित रूप से इसका अभ्यास करके अपने शरीर और मन को स्वस्थ बनाने का आग्रह किया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव