दिल्ली लक्ष्मी योजना के विरोध पर भाजपा ने आआपा के 22 विधायकों के खिलाफ किया प्रदर्शन

 






नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए लाई गई दिल्ली लक्ष्मी योजना का बहिष्कार करने वाली आम आदमी पार्टी (आआपा) के सभी 22 विधायकों के आवास एवं कार्यालयों पर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों का संयोजन प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आआपा विधायकों पर महिलाओं के हित से जुड़ी योजना का विरोध करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी है और आआपा विधायकों द्वारा इसका विरोध किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

कालकाजी से आआपा विधायक एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के आवास के बाहर दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह, मंत्री नरेश वशिष्ठ और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आतिशी ने विधानसभा की गतिविधियों से दूरी बनाए रखी और उनकी पार्टी ने महिला हित से जुड़ी योजना का विरोध किया।

भाजपा के अनुसार कोंडली विधायक कुलदीप कुमार के कार्यालय पर मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेंद्र धामा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ऋचा पांडेय के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। सीलमपुर विधायक चौधरी जुबैर अहमद के खिलाफ प्रदेश मंत्री गौरव खारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। सीमापुरी विधायक वीर सिंह धिंगन के खिलाफ प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

बाबरपुर विधायक गोपाल राय के खिलाफ भाजपा मंत्री राज गौतम, करोलबाग विधायक विशेष रवि के खिलाफ प्रदेश उपाध्यक्ष सोना कुमारी एवं पार्षद मनीष चड्ढा तथा देवली विधायक प्रेम चौहान के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी और जिलाध्यक्ष माया सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ।

तुगलकाबाद विधायक सहीराम पहलवान के कार्यालय पर पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। चांदनी चौक विधायक पुनरदीप सिंह साहनी के कार्यालय-निवास के बाहर भाजपा नेता राजन तिवारी और विधानसभा प्रत्याशी रहे सतीश जैन के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया।

गोकुलपुरी विधायक सुरेंद्र कुमार के कार्यालय पर अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीस अब्बासी, पटेल नगर विधायक प्रवेश रत्न के खिलाफ पूर्व विधायक राजकुमार आनंद एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता तथा अंबेडकर नगर विधायक अजय दत्त के कार्यालय पर वरिष्ठ नेता सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ।

तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सोलंकी तथा पार्षद श्वेता सैनी एवं हरीश ओबेरॉय के नेतृत्व में, जबकि सदर विधायक सोमदत्त के खिलाफ भाजपा मंत्री अभिषेक टंडन और पार्षद मनोज जिंदल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

बल्लीमारान विधायक इमरान हुसैन के खिलाफ मंत्री रोहित चहल और पार्षद कमल बागड़ी तथा मटिया महल विधायक आले मोहम्मद के खिलाफ जिला महामंत्री दीप्ती इंदोरा और प्रदेश कार्यालय सह मंत्री अमित गुप्ता के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुआ।

सुल्तानपुरी विधायक मुकेश अहलावत के खिलाफ किसान मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी, दिल्ली कैंट विधायक वीरेंद्र कादयान के खिलाफ करोलबाग जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर एवं भाजपा नेता भुवनेश तंवर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। बुराड़ी विधायक संजीव झा के खिलाफ वरिष्ठ नेता सत्यनारायण गौतम के नेतृत्व में महिला प्रदर्शन हुआ।

बदरपुर विधायक रामसिंह नेताजी के खिलाफ प्रदेश मंत्री कृष्णदेव सिंह, किराड़ी विधायक अनिल झा के खिलाफ पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनय रावत तथा ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आआपा विधायकों से योजना के विरोध का कारण स्पष्ट करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी