हंसराज कॉलेज में 16-17 अक्टूबर को सजेगी गरबा और डांडिया की महफिल

 

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में 16 और 17 अक्टूबर को ‘दिल्ली गरबा महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। नित्य अनुभूति मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दिल्ली टूरिज्म के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में गरबा, डांडिया, संगीत और विभिन्न व्यंजनों का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम शाम छह बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा।

महोत्सव में बॉलीवुड फिल्मों ‘तलाश’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ सहित कई फिल्मों में पार्श्व गायन कर चुके गायक रवीन्द्र उपाध्याय विशेष संगीतमय प्रस्तुति देंगे। उनके गीतों के साथ गरबा और डांडिया की पारंपरिक धुनें उत्सव के आकर्षण को बढ़ाएंगी।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में दिल्ली के जाने-माने डीजे गुजराती लोकसंगीत, पारंपरिक गरबा धुनों और इंडी म्यूजिक के मिश्रण से समां बांधेंगे। इसके अलावा, महोत्सव में विशेष फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा, जहां आगंतुक भारतीय और कॉन्टिनेंटल व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।

आयोजकों का कहना है कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, नवरात्रि की आध्यात्मिक भावना और सामूहिक उत्सव की उमंग को एक मंच पर लाना है। यह आयोजन दिल्लीवासियों, विशेषकर युवाओं और परिवारों को भारतीय लोकसंस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी