उपराज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने दिल्ली के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दिल्ली के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अपनी चिरंतन विरासत से लेकर अपनी जीवंत मिली-जुली संस्कृति तक, दिल्ली एक एकजुट भारत की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर एक 'विकसित दिल्ली' के निर्माण की दिशा में काम करें, जिसमें आधुनिक विकास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम हो।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कहा कि इंद्रप्रस्थ की गौरवशाली विरासत से लेकर आज के आधुनिक महानगर तक, दिल्ली ने अपनी ऐतिहासिक पहचान, समृद्ध संस्कृति और जीवंत परंपराओं को सदैव संजोकर रखा है। यहां के ऐतिहासिक स्मारक, कला, खान-पान और विविध लोक परंपराएं दिल्ली की विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली अपनी ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास के संग विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कहा कि दिल्ली की अपनी एक खुशबू है, अपना एक मिजाज है…इंद्रप्रस्थ की गौरवगाथा से आधुनिक भारत के स्वाभिमान तक, दिल्ली युगों की साक्षी है, इतिहास की धरोहर है और भविष्य की अनंत संभावनाओं का आंगन है। उन्होंने कहा कि इसकी मिट्टी में सभ्यताओं की स्मृतियां हैं, यमुना की धार में युगों की कथाएं हैं। लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र का गौरव गूंजता है, तो कर्तव्य पथ पर स्वतंत्र भारत का आत्मविश्वास झलकता है। किसी का बचपन यहां बीता है, किसी के सपनों ने यहां पहली उड़ान भरी है। कोई पीढ़ियों से यहां बसा है, तो कोई दूर से आकर यहीं का हो गया। दिल्ली की यही खूबसूरती है कि यहां हर कोई बड़े प्यार और गर्व से कहता है, हम दिल्ली वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों की कहानियां समेटे इस शहर की यात्रा में 1 नवंबर 1956 को एक नया अध्याय जुड़ा, जब दिल्ली को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिला। हमारा संकल्प है कि दिल्ली की सदियों पुरानी पहचान भी अक्षुण्ण रहे और उसका भविष्य भी भव्य बने। दिल्ली की विरासत भी संवरेंगी, दिल्ली का विकास भी नई ऊंचाइयों को छुएगा। हर गली में खुशहाली, हर घर में आधुनिक सुविधाएं और हर नागरिक के जीवन में समृद्धि सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली को उसके गौरवशाली अतीत के अनुरूप एक शानदार भविष्य देकर रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव