कनॉट प्लेस के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग, बड़ा हादसा टला

 

नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। राजधानी के कनॉट प्लेस स्थित कस्तूरबा गांधी मार्ग पर मंगलवार दोपहर मशहूर परिक्रमा रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग रेस्टोरेंट के किचन की चिमनी में लगी थी। सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना मंगलवार दोपहर करीब 3:40 बजे कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही एक वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर, एक मल्टीपरपज वाहन और अन्य दमकल संसाधनों सहित कुल सात दमकल यूनिट मौके पर रवाना की गईं।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते कार्रवाई होने से आग किचन से बाहर नहीं फैल सकी और रेस्टोरेंट के अन्य हिस्से सुरक्षित रहे। शाम करीब चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद दमकल टीम ने पूरे परिसर की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह किचन की चिमनी में आग पकड़ना सामने आया है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी