दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे विकास को नई रफ्तार देने वाला ऐतिहासिक कदम हैः वीरेंद्र सचदेवा

 


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन पर समस्त दिल्लीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को महावीर स्वामी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है।

सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आज विकास की नई परिभाषा गढ़ रहा है और दिल्ली भी इस परिवर्तन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरी है। लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 210 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली के यातायात ढांचे को सुदृढ़ करते हुए जाम की समस्या से बड़ी राहत प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल कनेक्टिविटी को मजबूत नहीं करती, बल्कि राष्ट्र निर्माण के व्यापक विजन का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक और विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे का तेजी से निर्माण हो रहा है, जो भारत की आर्थिक प्रगति को नई गति दे रहा है।

सचदेवा ने जानकारी दी कि वर्तमान में दिल्ली में लगभग 65,000 करोड़ रुपये के इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है, जिनमें से 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 32,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। यह आंकड़े स्वयं इस बात का प्रमाण हैं कि दिल्ली विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से दिल्ली में यातायात का दबाव कम हुआ है और लगभग 73,000 वाहन अब राजधानी में प्रवेश किए बिना ही अपने गंतव्य तक पहुंच जाते हैं। इससे न केवल यातायात सुगम हुआ है, बल्कि प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस परियोजना की विशेषता का उल्लेख करते हुए सचदेवा ने कहा कि गाजीपुर लैंडफिल से लगभग 10 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर उसे एक्सप्रेस-वे निर्माण में उपयोग किया गया है। यह पहल ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के सिद्धांत का सशक्त उदाहरण है और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में विकास की नई धारा प्रवाहित करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘विकासपुरुष’ कहना न केवल उचित, बल्कि समय की मांग है।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित सभी सांसद, विधायक, अन्य कार्यकर्ता एवं जनमानस की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी