दिल्ली में अवैध कॉस्मेटिक इकाइयों पर छापा, बड़ी मात्रा में स्टॉक एवं मशीन जब्त
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में नकली और अवैध कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण के खिलाफ दिल्ली सरकार ने बड़ी कार्रवाई की। औषधि नियंत्रण विभाग की दो टीमों ने बाहरी दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके में बिना लाइसेंस संचालित दो कॉस्मेटिक निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में कॉस्मेटिक उत्पादों का स्टॉक, मशीनरी, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में दोनों परिसरों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि यहां बिना वैध निर्माण लाइसेंस के स्किनकेयर और पर्सनल केयर से जुड़े कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी। यह गतिविधि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और कॉस्मेटिक्स नियम, 2020 का उल्लंघन है।
औषधि निरीक्षकों ने छापेमारी के दौरान उत्पादों के कानूनी सैंपल एकत्र किए, जिन्हें जांच और विश्लेषण के लिए सुरक्षित किया गया है। इसके अलावा तैयार उत्पादों के स्टॉक के साथ मशीनरी, उपकरण, कच्चा माल, अर्धनिर्मित उत्पाद और पैकेजिंग सामग्री भी नियमानुसार जब्त की गई।
कार्रवाई पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार जन-स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण करना कानून का गंभीर उल्लंघन है। ऐसी अनधिकृत गतिविधियां उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉस्मेटिक निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औषधि नियंत्रण विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राजधानी के नागरिकों को असुरक्षित और अनधिकृत उत्पादों से बचाया जा सके।
विभाग के अनुसार छापेमारी में एकत्र किए गए कानूनी सैंपल जांच के लिए दिल्ली के सरकारी विश्लेषक के पास भेजे जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित लोगों के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी