एमसीडी चुनाव की तैयारी में जुटी दिल्ली कांग्रेस, प्रत्येक वार्ड से मांगे तीन नाम
नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में लोकसभा प्रभारियों, जिला प्रभारियों और विधानसभा ऑब्जर्वरों की बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए।
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, देवेंद्र यादव ने सभी विधानसभा ऑब्जर्वरों से अगले 15 दिनों के भीतर प्रत्येक वार्ड से तीन संभावित उम्मीदवारों के नाम भेजने को कहा है। इनमें एक महिला, एक अनुसूचित जाति (एससी) और एक सामान्य वर्ग का उम्मीदवार शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के अलावा बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, प्रदेश महासचिव (संगठन) एवं कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, प्रदेश प्रशासनिक प्रभारी जतिन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सीपी मित्तल, तस्वीर सोलंकी और महासचिव पीके मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
देवेंद्र यादव ने लोकसभा और जिला प्रभारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठकों में जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विधानसभा ऑब्जर्वरों को प्रत्येक वार्ड और बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की संगठनात्मक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सभी लोकसभा, जिला और विधानसभा ऑब्जर्वरों को दिल्ली के सभी 14 जिलों की कार्यकारिणी, मंडलम अध्यक्षों, सेक्टर इंचार्ज और बीएलए-2 की सूची भी उपलब्ध कराई। इसका उद्देश्य सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ तक सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की पहुंच सुनिश्चित करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव