दिल्ली में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, स्थिर एवं पर्याप्त बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली की सभी गैस एजेंसियों एवं बॉटलिंग प्लांट्स पर एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और निर्बाध वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1.25 लाख एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है, जो सामान्य मांग के अनुरूप है, जबकि औसत डिलीवरी समय 4 से 5 दिन बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उपभोक्ताओं को एसएमएस, आईवीआरएस, वॉट्सऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिए एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। डिलीवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी ऑथेंटिकेशन प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत प्रतिदिन 90 प्रतिशत से अधिक डिलीवरी का सत्यापन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) योजना के अंतर्गत 5 किग्रा एलपीजी सिलेंडर प्रवासी श्रमिकों के लिए गैस एजेंसियों पर उपलब्ध कराए गए हैं। वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ये सिलेंडर प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सभी जिलों में संबंधित डीएम, एसडीएम, एफएसओ (खाद्य आपूर्ति अधिकारियों) के सहयोग से विशेष शिविर एवं आउटरीच अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जहां गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि जरूरतमंदों को 5 किग्रा. सिलेंडर उपलब्ध कराने एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए उपस्थित रहते हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार राज्यस्तरीय समन्वयक (दिल्ली) एवं एचपीसीएल के डीजीएम-रिटेल बनय सिंह ने बताया कि तेल विपणन कंपनियां उपभोक्ताओं की प्रतिक्रियाओं एवं शिकायतों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। जहां कहीं भी किसी वितरक द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी, डायवर्जन या अन्य अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई है, वहां दिल्ली पुलिस एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सहयोग से विशेष टीमों को तैनात कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 540 से अधिक छापेमारी की जा चुकी है, जिनमें 2027 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं तथा 44 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए विकास भवन स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराहट में बुकिंग या अनावश्यक भंडारण से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव