विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा ने 256 मंडलों में आयोजित किए एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम

 




नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देशभर में चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दिल्ली में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

दिल्ली भाजपा के एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम संयोजक विधायक राजकुमार भाटिया के अनुसार संगठन की ओर से सभी 256 मंडलों में वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जिनमें प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।

इसी श्रृंखला में आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के नेहरु पार्क, चाणक्यपुरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य दिनेश प्रताप सिंह एवं सरिता तोमर, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी आदि भी उपस्थित रहे।

पर्यावरण दिवस के एक अन्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मैदानगढ़ी में वृक्षारोपण किया।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के सैनी एंक्लैव के डीडीए पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा आदि की उपस्थिति में चाईना डोल नामक पौधा लगा कर उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।

भाजपा दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मयूर विहार फेस-एक के एक पार्क में मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा की उपस्थिति में आम के पेड़ लगाये। प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने रोहिणी सेक्टर-14 के डिस्ट्रिक्ट पार्क में अमलतास का वृक्ष लगाया। चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता की शास्त्री पार्क, आसफ अली रोड पर आम के पेड़ लगाये।

दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर के पं. मदन मोहन मालवीय पार्क सहित पांच स्थानों पर अशोक एवं नीम के पौधे लगाए। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ अजमेरी गेट स्थित देशबंधु पार्क में फाइकस पांडा के पौधे लगाये।

विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को सम्बोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के अनेक प्रयास किए गए हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान ने देशभर में लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि लाखों लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर उन्हें प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने सभी दिल्लीवासियों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आवासीय कल्याण संघों से अपील की कि वे विश्व पर्यावरण दिवस को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि वर्षभर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में देशभर में करोड़ों नए वृक्ष खड़े होंगे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकारों के प्रयासों से ही संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन का समर्थन मिलेगा और यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी