दिल्ली भाजपा ने नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में महिला बाइक रैली का किया आयोजन
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में और सांसद कमलजीत सहरावत एवं बांसुरी स्वराज की उपस्थिति में बुधवार को कनॉट प्लेस में नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में महिला बाइक रैली निकाली गई और उसके बाद मानव श्रृंखला बनाई गई।
महिला बाइक यात्रा रैली के दौरान हजारों की संख्या में आई लड़कियों एवं महिलाओं ने एक मानव श्रृंखला बनाकर महिला आरक्षण का उद्घोष किया। साथ ही बाइक पर कनॉट प्लेस इनर सर्कल का एक चक्कर लगाकर सबने अपने हस्ताक्षर कर इस बिल को पास करने के लिए अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए दिल्ली ही नहीं देश की उन सभी नारियों को बधाई जिन्हे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बिल के माध्यम से एक नई शक्ति दी है ताकि वह भारत की नीतियों में सहभागी बन सके। सचदेवा ने कहा कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व देने का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है। इसलिए सभी दलों को इसके लिए आगे आकर अपना समर्थन देना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने परिसीमन से ध्यान भटकाने के सवाल पर कहा कि विपक्ष को इस बात पर विचार करना चाहिए कि आखिर उन्होंने इससे पहले क्यों नहीं किया। अब देश में कुछ अच्छा होने जा रहा है तो विपक्ष इसमें बाधा डालने की कोशिश कर रहा है।
सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय-समय पर हर पार्टी ने महसूस किया कि यह जरूरी है और इसलिए सर्व सम्मति से इसको 2023 में पास किया गया। एक बार सभी को मिलकर इस बिल को पास करना चाहिये और बात परिसिमन की तो यह तो कांग्रेस सरकार द्वारा तय किया गया था जो अब मोदी सरकार इंप्लिमेंट कर रही है। विपक्ष के पास इस वक़्त कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए वह बिल से सभी का ध्यान भटकाने के लिए तर्क हीन बयान दे रहा है।
वहीं, सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आज की यह रैली एक तरह से फाइनल तैयारी है। जिस तरह से साल 2023 में भाजपा सरकार ने वचन दिया था अब उस वचन पूर्ति का समय आ गया है। उन्होंने इस रैली के माध्यम से सभी विपक्षी राजनीतिक दलों से आग्रह की कि सभी को राजनीति से और विचारधारा के मतभेद से ऊपर उठकर बहन बेटियों से किेए वायदो को पूरा करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो नेता इस बिल को नॉर्थ वर्सेज साउथ करने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें स्पष्ट शब्दों में बताना चाहूंगी कि 27 सालों से इस बिल की प्रतिक्षा कर रहे हैं इसलिए टाइमिंग पर सवाल करने वाले एक बार फिर से खुद को कटघरे में खड़े कर रहे है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह, एनडीएमसी सदस्य सरिता तोमर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री अरुण दराल, युवा मोर्चा प्रभारी अभिषेक टंडन, सह-प्रभारी सुमित सेठ सहित हजारों महिलाएं और लड़कियां शामिल थीं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी