दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

 




नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर भाजपा दिल्ली प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने मंगलवार को बसेरा पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सी.एल. मीणा और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा के स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर अमिट छाप छोड़ी। नौ जून 1900 को मात्र 25 वर्ष की आयु में रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।

मल्होत्रा ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण के अग्रदूत भी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन, जमींदारी प्रथा और बेगार के खिलाफ आवाज उठाते हुए “अबुआ दिशोम, अबुआ राज” का नारा दिया और उलगुलान (महाविद्रोह) का नेतृत्व किया।

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संदेश आज भी प्रासंगिक है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा, अंधविश्वास से मुक्ति तथा स्वाभिमान की रक्षा उनके संघर्ष के प्रमुख आधार थे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने छोटा जीवन जिया, लेकिन वे करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा बन गए।उन्होंने लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी