दिल्ली भाजपा ने अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पद्म विभूषण अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सोमवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय और सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिल्ली भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अरुण जेटली के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में उनके परिवार की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरुण जेटली केवल पूर्व वित्त मंत्री ही नहीं, बल्कि ओजस्वी वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और सबके मित्र थे। राजनीति में उनके विरोधी भी उनकी बात सम्मान से सुनते थे, क्योंकि उनके तर्क में तथ्य और संवाद में स्नेह होता था।
उन्होंने कहा कि जेटली ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जीएसटी, दिवालिया कानून और बैंकिंग सुधार जैसे ऐतिहासिक निर्णयों में उनके दूरदर्शी नेतृत्व की झलक दिखाई देती है। कठिन परिस्थितियों में वह सरकार और पार्टी के लिए मजबूती से खड़े रहते थे।
मल्होत्रा ने कहा कि क्रिकेट के साथ जेटली को सभी खेलों, विशेषकर बैडमिंटन से विशेष लगाव था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनके संबंधों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों के बीच राजनीतिक संबंधों से आगे बढ़कर विश्वास और मित्रता का रिश्ता था। उन्होंने कहा कि जेटली की कार्यशैली, विचार और राष्ट्रसेवा का जज्बा हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, विधायक सतीश उपाध्याय, हरीश खुराना और ओमप्रकाश शर्मा सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर दिल्ली भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, सुनील यादव और प्रवीण शंकर कपूर, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी तथा सामाजिक कार्यकर्ता नूपुर शर्मा भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी