दिल्ली भाजपा के 252 मंडलों और 12 जिलों का प्रशिक्षण कार्य पूर्ण, शाहदरा-मयूर विहार शिविर संपन्न
नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई द्वारा आयोजित शाहदरा और मयूर विहार जिलों के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गए। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा के 252 मंडलों और 12 जिलों का कार्यकर्ता प्रशिक्षण अभियान पूरा हो गया, जबकि चांदनी चौक और केशवपुरम जिलों का प्रशिक्षण अभी शेष है।
दिल्ली के रजोकरी क्षेत्र में आयोजित इन प्रशिक्षण शिविरों में विधायक, पार्षद, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने रात्रि प्रवास करते हुए विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में भाग लिया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पूर्वी दिल्ली से सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने प्रशिक्षण शिविरों के समापन सत्रों को संबोधित किया। इस दौरान सांसद कमलजीत सहरावत, राजकुमार शर्मा, सुमित भसीन, शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा और मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा भी उपस्थित रहे।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य विशेष रूप से नए कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विकास, कार्यपद्धति और मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक रात्रि मनोरंजन, अंताक्षरी और सुबह के योग सत्रों ने कार्यकर्ताओं के बीच टीम भावना और समन्वय को मजबूत किया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संगठन कार्य हर समय जनता की सेवा की प्रेरणा देता है और संघ तथा भाजपा संगठन में मिली प्रशिक्षण व्यवस्था के कारण ही वह आज केंद्रीय राज्य मंत्री का दायित्व निभा पा रहे हैं।
बुधवार को आयोजित प्रारंभिक सत्रों को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा नेता तरुण चुग, दुष्यंत गौतम और ओम प्रकाश धनकर ने संबोधित किया था।
अन्य सत्रों में संगठन महामंत्री पवन राणा ने विचार परिवार और भाजपा के संबंधों पर चर्चा की। वहीं कमलजीत सहरावत ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने एसआईआर, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने राजनीति में मीडिया की भूमिका, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने बूथ प्रबंधन, वरिष्ठ नेता महेंद्र आहूजा ने भाषण कला और आईटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल ने सोशल मीडिया के चुनावी उपयोग और उसके प्रभावों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।
पवन राणा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है और अधिकांश कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार से जुड़े स्वयंसेवक हैं, जिनके भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना गहराई से जुड़ी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी