दिल्ली भाजपा ने चार जिलों में निकाली तिरंगा यात्रा, दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

 


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली की ओर से बुधवार को राजधानी के चार जिलों दक्षिणी दिल्ली, महरौली, मयूर विहार और नवीन शाहदरा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। विभिन्न यात्राओं में भाजपा सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी के नेतृत्व में हजारों युवा कार्यकर्ता भी यात्राओं में शामिल हुए।

महरौली जिले में मसूदपुर डेयरी स्थित मसूदपुर गांव के शहीद भगत सिंह पार्क से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसका नेतृत्व सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने किया। यात्रा में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता जयवीर राणा, जिला अध्यक्ष रविंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दक्षिणी दिल्ली जिले में मोलड़बंद, बदरपुर स्थित सांसद कार्यालय से निकली यात्रा का नेतृत्व भी रामवीर सिंह बिधूड़ी ने किया। इसमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, जिला अध्यक्ष माया सिंह बिष्ट, विधायक चंदन चौधरी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

मयूर विहार जिले में जीवन अनमोल अस्पताल, मयूर विहार फेज-1 से निकली तिरंगा यात्रा का नेतृत्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

नवीन शाहदरा जिले में नंद नगरी स्थित नथू कॉलोनी चौक से निकली तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सांसद मनोज तिवारी ने किया। यात्रा में पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कार्यालय मंत्री कैलाश जैन, विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष मास्टर विनोद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से दिल्लीवासियों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

मयूर विहार की तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि तिरंगा देश के 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे को हाथ में लेकर चलने से उन वीर शहीदों की याद आती है, जिन्होंने देश की आन-बान-शान के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में सिर ऊंचा करके आगे बढ़ रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर ‘पहले भारत’ की भावना से जोड़ने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। सड़कों से लेकर स्कूल और अस्पताल तक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र साकार हो रहा है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद के खिलाफ संघर्ष करने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी