रक्षा बंधन पर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को राखी बांध दीर्घायु की कामना की

 


नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली महिला मोर्चा की महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में स्नेह, विश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत किया।

महिला मोर्चा की बहनों ने हर्ष मल्होत्रा को राखी बांधते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि मात्र 20 माह में दिल्ली में 27 वर्ष बाद आई भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने जहां दिल्ली का रखरखाव सुधारा है तो वहीं तीज त्योहार पर फ्री गैस सिलेंडर, विधा वाहिनी योजना एवं अब दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू करके दिल्ली की सामान्य वर्ग की महिलाओं के जीवन में सार्थक परिवर्तन ला दिया है।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने महिला मोर्चा की सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है जो भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए महिलाओं का सम्मान और उनका सशक्तिकरण केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू की। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली की भाजपा सरकार भी महिलाओं के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। दिल्ली लक्ष्मी योजना इस बात का उदाहरण है कि भाजपा सरकार महिलाओं को केवल चुनावी वादे नहीं, बल्कि योजनाओं के माध्यम से वास्तविक आर्थिक सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मल्होत्रा ने कहा कि 2,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दिल्ली की लाखों पात्र महिलाओं के लिए परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोगी साबित होगी। यह राशि महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी और उनके आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी