दिल्ली विधानसभा में भाषिणी की एआई लाइव ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद प्रणाली का पायलट ट्रायल शुरू : विजेंद्र गुप्ता

 


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को सदन की शुरुआत में घोषणा की कि दिल्ली विधानसभा ने डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग को सदन की कार्यवाही के दौरान अपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित लाइव ट्रांसक्रिप्शन (सजीव प्रतिलेखन) और अनुवाद प्रणाली के प्रायोगिक परीक्षण (पायलट ट्रायल) के लिए आमंत्रित किया है। इस पहल का उद्देश्य विधायी कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग से दक्षता, पारदर्शिता और उत्पादकता बढ़ाने की संभावनाओं का आकलन करना है।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि भाषिणी, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा जुलाई, 2022 में गुजरात के गांधीनगर में आयोजित डिजिटल इंडिया सप्ताह के दौरान किया गया था, राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन है। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को उनकी पसंदीदा भारतीय भाषा में डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं और इंटरनेट तक सहज पहुंच उपलब्ध कराना है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित यह मंच बहुभाषी शासन को मजबूत करने और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश के किसी भी विधायी सदन में भाषिणी की लाइव ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद प्रणाली की पहली प्रायोगिक तैनाती है। उन्होंने बताया कि यह पहल दिल्ली विधानसभा की नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे भविष्य में सदन की कार्यवाही अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाई जा सके।

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह पायलट ट्रायल पूरी तरह मूल्यांकन आधारित होगा। ट्रांसक्रिप्शन की गुणवत्ता और संपूर्ण प्रणाली के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा परीक्षण के दौरान सामने आने वाली सभी टिप्पणियों और तकनीकी चुनौतियों का समाधान किया जाएगा। प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रणाली को दिल्ली विधानसभा की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक परिष्कृत एवं अनुकूलित किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि पायलट ट्रायल सफल रहता है, तो दिल्ली विधानसभा अपनी अन्य कार्यात्मक शाखाओं में भी इसी प्रकार के एआई-सक्षम समाधान अपनाने की संभावनाओं पर विचार करेगी, जिससे विधानसभा की कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी