नारी शक्ति संवाद के जरिए छात्राओं से रूबरू हुईं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष

 




नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने मंगलवार को कालिंदी कॉलेज एवं जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में छात्राओं के साथ बेटियों के साथ भरोसे का संवाद नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, शिकायत तंत्र और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनना रहा।

संवाद के दौरान लता गुप्ता ने पोस् पॉश एक्ट, यौन उत्पीड़न की शिकायत प्रक्रिया तथा संस्थानों में आंतरिक समिति (आईसी) की भूमिका के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी जागरूक करते हुए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, निजी तस्वीरों एवं वीडियो के दुरुपयोग और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की।

अध्यक्ष ने छात्राओं से कहा कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या परेशानी को चुपचाप सहन न करें और उपलब्ध शिकायत एवं कानूनी तंत्र का उपयोग करें। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता, करियर और नेतृत्व क्षमता पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी प्रेरित किया।

इस अवसर पर लता गुप्ता ने छात्राओं के सवाल सुने और उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच तक पहुंचाने के लिए दिल्ली महिला आयोग निरंतर प्रयास करता रहेगा। नारी शक्ति संवाद पहल के माध्यम से दिल्ली महिला आयोग ने छात्राओं के साथ सीधे संवाद, जागरूकता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव