गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों का दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान : कपिल मिश्रा

 




नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। दिल्ली सचिवालय में सोमवार को गुजरात एवं महाराष्ट्र दिवस के परिप्रेक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुजरात एवं महाराष्ट्र के लोगों का देश और दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।

सचिवालय में महाराष्ट्र के लोक नृत्य लावणी, लेजिम, कोली और गुजरात के डांडिया रास, गरबा एवं टिप्पनी की मनमोहक प्रस्तुति हुई। दर्शकों ने श्रृंगार, प्रेम, भक्ति और सामाजिक मुद्दों के नृत्य के जरिये प्रदर्शन को खूब सराहा। करीब 25 कलाकारों ने मां दुर्गा की स्तुति और भगवान गणेश की वंदना, नृत्य के जरिये की।

कपिल मिश्रा ने कहा कि गुजरात सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि के साथ ही आर्थिक, औद्योगिक, कृषि और ऊर्जा क्षेत्रों में भी देश के विकास का एक प्रमुख स्तंभ है। यह राज्य भारत की आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और वैश्विक पहचान को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘गुजरात का विकास मॉडल’, आज अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि गुजरात के पवित्र धाम सोमनाथ की अटूट आस्था और भक्ति को समर्पित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का दिल्ली सरकार ने भव्य आयोजन किया, साथ ही सोमनाथ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन भी चलाई। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्य भूमि महाराष्ट्र आज भारत के विकास का एक प्रमुख स्तंभ है, अर्थव्यवस्था, उद्योग, कृषि, फिल्म उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर में इस राज्य का योगदान अद्भुत है। यह राज्य देश की आर्थिक मजबूती, रोजगार सृजन और वैश्विक पहचान को निरंतर आगे बढ़ाता रहा है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की दिशा में राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए यह आयोजन हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव