कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव

 

नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के वेलकम इलाके में करीब चार दिनों तक महिला का शव संदिग्ध हालत में उसके कमरे में ही फंदे से लटके रहा। घर से दुर्गंध जब पड़ोसियों और मकान मालिक तक पहुंची तो इसका पता चला। मकान मालकीन व पड़ोसियों ने महिला के कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनके होश उड़ गए। फंदे पर महक (26) का शव बुरी तरह सड़ी-गली हालत में लटका था।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिला का पति पिछले दो माह से गायब है। महिला के परिवार का भी कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस को मृतका के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। उसके आधार पर पुलिस महिला के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। क्राइम टीम के अलावा फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि महक के पति ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी वजह से महक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

पुलिस के मुताबिक महक अपने पति के साथ पिछले दो सालों से वेलकम स्थित कबीर नगर गली नंबर-6 में रहती थी। इसके पति सनीफ प्राइवेट नौकरी करता है। 15 अगस्त 2024 को सनीफ अपनी पत्नी महक के साथ गली नंबर-6 के मकान में किराए पर रहने आया था। मकान मालकिन को उसने अपना बुलंदशहर का आधार कार्ड दिया।

बाद में उसने महक को अपनी पत्नी बताया। दोनों ठीक-ठीक रह रहे थे। सनीफ ने पत्नी को कुछ ऑटो दिलवाए हुए थे। महक इनका किराया वसूलती थी। ऑटो चालक उसे घर पर ही किराया दे जाते थे। मकान मालकिन की बेटी ने 23 अगस्त को उसे आखिरी बार देखा। इसके बाद 26 अगस्त को कमरे से उसकी शव मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव