लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बदमाश बताकर डॉक्टर से 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोपित गिरफ्तार

 




नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बदमाश बताकर वरिष्ठ डॉक्टर से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपित हिमांशु जैन (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से रंगदारी की कॉल करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड के अलावा वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता एक्शन बालाजी अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टर हैं। दो अक्टूबर को उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बदमाश बताया और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी देने वाले ने डॉक्टर को डराने के लिए उनकी निजी जानकारियों का भी जिक्र किया। शिकायत मिलने के बाद पश्चिम विहार ईस्ट थाने में एफआईआर नंबर 307/26 के तहत बीएनएस की धारा 308(4) में केस दर्ज किया गया।

मामले की जांच के लिए थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जिस मोबाइल नंबर से डॉक्टर को कॉल की गई थी, उसकी लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने डॉक्टर को आरोपित के संपर्क में रहने और फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए कहा। दो अक्टूबर को आरोपित ने डॉक्टर को दोबारा फोन किया और रंगदारी की रकम लेकर रोहिणी स्थित जयपुर गोल्डन अस्पताल के पास पहुंचने के लिए कहा। पुलिस ने इसी सूचना के आधार पर वहां जाल बिछाया। आरोपित जब रुपये लेने के लिए तय स्थान पर पहुंचा तो पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान हिमांशु जैन (35) निवासी पूठ ग्राम सभा, दिल्ली के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि हिमांशु जैन पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और धमकी से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2020 में प्रीत विहार थाने में रंगदारी, धमकी, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने अपनी आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए डॉक्टर से रंगदारी मांगने की वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर रंगदारी की कॉल करने के लिए इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए। इसके अलावा कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस अब आरोपित के दावे की भी जांच कर रही है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि डॉक्टर को धमकी देने की साजिश में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव