राजस्थान से अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार, 265 ग्राम स्मैक बरामद
नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। नरेला में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले की आगे की जांच में बाहरी-उत्तर जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने राजस्थान के प्रतापगढ़ से एक अंतरराज्यीय सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान प्रतापगढ़ निवासी 27 वर्षीय साहेब खान उर्फ सोनू के रूप में हुई है। उसके पास से 265 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है। पुलिस ने उसकी स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, नरेला थाने में 23 सितंबर को एफआईआर संख्या 617/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान एक महिला आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 25 सितंबर को राजस्थान के प्रतापगढ़ में दबिश दी। गोर्धनपुरा स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट से साहेब खान को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी कार से 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद 28 सितंबर को महिला आरोपित की निशानदेही पर बवाना की जेजे कॉलोनी स्थित एक मकान में तलाशी ली गई। यहां से 56.69 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी, 355 ग्राम सोने के आभूषण, 161 ग्राम चांदी के आभूषण और प्लाट-मकान से संबंधित चार रजिस्ट्री दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, अब तक पूरे मामले में 1.204 किलो हेरोइन, 615 ग्राम मिलावटी पाउडर, 64.62 लाख रुपये नकद, टाटा हैरियर और स्विफ्ट कार के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और चार संपत्ति दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने हेरोइन की अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक बताई है, हालांकि इसकी कीमत का अंतिम सत्यापन किया जाना बाकी है।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई के स्रोत, अंतरराज्यीय नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। बरामद नकदी, आभूषण और संपत्ति के दस्तावेजों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव