दिल्ली से लापता दो नाबालिग और हैदराबाद से युवती बरामद
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग मामलों में लापता दो नाबालिग बच्चों और एक युवती को खाेजा है। युवती की तलाश के लिए 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। खाेजे गए दोनों नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि पहला मामला रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके का है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की 18 जनवरी 2026 को लापता हो गई थी। इस संबंध में बेगमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने जांच अपने हाथ में ली। तकनीकी सर्विलांस और जमीनी पड़ताल के बाद टीम ने लड़की को बेगमपुर के राजीव नगर एक्सटेंशन इलाके से ढूंढ निकाला। जांच में सामने आया कि लड़की एक युवक के संपर्क में आई थी, जिसके साथ वह घर से चली गई और मंदिर में शादी कर ली थी।
दूसरा मामला भलस्वा डेयरी इलाके का है। जहां 12 वर्षीय लड़का 2 मार्च 2026 को लापता हो गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ विभिन्न संस्थानों में तलाश की। बाद में लड़के को कमला नगर स्थित सलाम बालक ट्रस्ट से बरामद किया गया। जांच में पता चला कि घर से पैसे लेने पर डांट पड़ने के बाद वह नाराज होकर घर छोड़कर चला गया था। पुलिस को वह बुराड़ी इलाके में भटकता मिला, लेकिन डर के कारण उसने अपनी पहचान नहीं बताई, जिसके चलते उसे बाल गृह भेज दिया गया था।
तीसरा मामला अलीपुर इलाके का है। जहां 20 वर्षीय युवती 10 नवंबर 2025 से लापता थी। काफी समय तक सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। तकनीकी जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम हैदराबाद पहुंची और युवती को वहां से बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि युवती अपनी मर्जी से एक युवक के साथ चली गई थी और आर्य समाज मंदिर में शादी कर उसके साथ रह रही थी। बालिग होने के कारण उसे स्वतंत्र रूप से रहने की अनुमति दे दी गई। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और नाबालिगों को संबंधित थानों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी