एक लाख का इनामी बदमाश विकास उर्फ विक्की गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार के नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन गैंग बस्ट के तहत पूर्वी जिले की रेंज (एनडीआर) क्राइम ब्रांच ने गोल्डी बरार–रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज 18 संगीन आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है। वह कई मामलों में कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने सोमवार को बताया कि विकास उर्फ विक्की लंबे समय से गोल्डी बरार के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। वह गिरोह के लिए फायरिंग, लूट और जबरन वसूली जैसी वारदातों को अंजाम देता था। आरोपित दिल्ली के चाणक्यपुरी थाना क्षेत्र में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में उसके साथी अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए थे, जबकि विकास मौके से फरार हो गया था। बाद में उसे भगोड़ा घोषित किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2023 में विकास उर्फ विक्की ने गुरुग्राम में एक फ्लैट किराए पर लेकर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह के करीब दस बदमाशों को ठहराया था। इनकी योजना अदालत परिसर में कौशल चौधरी गिरोह के सरगना की हत्या करने की थी। हालांकि समय रहते पुलिस ने साजिश को नाकाम करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विकास एक बार फिर फरार हो गया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गोल्डी बरार का भरोसेमंद सहयोगी था आरोपित
पुलिस के अनुसार, विकास उर्फ विक्की की पहचान गोल्डी बरार के भरोसेमंद सहयोगी के रूप में थी। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जेल में रहते हुए उसका संपर्क लॉरेंस बिश्नोई से हुआ था, लेकिन बाद में गिरोह के अंदरूनी मतभेदों के चलते उसने गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गुट का साथ दे दिया। जेल से बाहर आने के बाद वह लगातार फरार रहा और गिरोह के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से वसूली व लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि जून 2025 में राजधानी के कई कारोबारियों को गोल्डी बरार की ओर से फिरौती की धमकी भरे कॉल किए गए थे। इसी सिलसिले में चाणक्यपुरी इलाके में एक क्लब के बाहर फायरिंग की साजिश रची गई थी, जिसमें विकास उर्फ विक्की की अहम भूमिका थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई में उसके साथी पकड़े गए थे, जबकि वह बचकर निकल गया था।
क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी को उत्तर प्रदेश के लोनी इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि विकास उर्फ विक्की की गिरफ्तारी से गोल्डी बरार गिरोह की दिल्ली-एनसीआर में गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की भी गहन जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी