दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान दिवस फोटो प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट में संविधान दिवस फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे गणराज्य की जीवंत आत्मा है, जिसका निर्माण हमारे संविधान निर्माताओं की सामूहिक बुद्धिमत्ता, त्याग और कलात्मक विरासत से हुआ है।
इस प्रदर्शनी का आयोजन अधिवक्ता परिषद, दिल्ली प्रांत (पटियाला हाउस कोर्ट इकाई) द्वारा नई दिल्ली बार एसोसिएशन के सहयोग से किया गया। उद्घाटन समारोह में विधिक समुदाय के सदस्य, विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। औपचारिक उद्घाटन के बाद विजेंद्र गुप्ता ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित दुर्लभ ऐतिहासिक चित्रों एवं विभिन्न दृश्य सामग्रियों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आयोजकों से इस प्रदर्शनी में समाहित ऐतिहासिक तथ्यों और उनके महत्व पर चर्चा की।
गुप्ता ने अधिवक्ता परिषद और नई दिल्ली बार एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल के माध्यम से भारत के लोकतंत्र की आधारशिला से जुड़े इतिहास को विधिक क्षेत्र के पेशेवरों, युवा कानून विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक सीधे पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संविधान सभा की बहसों, आदर्शों और संविधान की मूल पांडुलिपि के पीछे निहित कलात्मक उत्कृष्टता का पुनरावलोकन नागरिक दायित्व की भावना को गहरा करता है तथा दैनिक सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ बनाता है।
गुप्ता ने संविधान सभा की चर्चाओं की कालजयी प्रासंगिकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा में विधिक समुदाय के निरंतर योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दुर्लभ अभिलेखीय तस्वीरों, संविधान की मूल पांडुलिपि में की गई कलात्मक चित्रकारी और उन गुमनाम अग्रदूतों की प्रेरक कहानियों को एक साथ प्रस्तुत करना भारत के संवैधानिक इतिहास और भावी पीढ़ियों के बीच एक अमूल्य सेतु का कार्य करता है।
गुप्ता ने कहा कि जब युवा अधिवक्ता और विद्यार्थी इन ऐतिहासिक पैनलों के सामने खड़े होते हैं, तो वे केवल अतीत को नहीं देख रहे होते, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे उन मूल्यों से भी जुड़ रहे होते हैं, जिन्हें हमारे राष्ट्र की भावी यात्रा का मार्गदर्शन करना चाहिए।
‘भारत के संविधान का निर्माण, उसकी मूल पांडुलिपि की कला और इसे आकार देने वाले व्यक्तित्व’ विषय पर केंद्रित इस प्रदर्शनी में लगभग 50 दृश्य एवं जीवनीपरक पैनल प्रदर्शित किए गए हैं। ये पैनल 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक से लेकर 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किए जाने तक की लगभग तीन वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर बृजेंद्र चाहर (वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर सॉलिसिटर जनरल), चेतन शर्मा (अपर सॉलिसिटर जनरल), हरि बोरीकर संगठन सचिव उत्तर क्षेत्र अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद तथा संजय पोद्दार (अध्यक्ष, अधिवक्ता परिषद, दिल्ली प्रांत) सहित विधिक जगत के अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को न केवल संविधान की मूल पांडुलिपि की कलात्मक भव्यता को देखने, बल्कि उन व्यक्तित्वों और सामूहिक प्रयासों को समझने का अवसर मिला, जिन्होंने इस ऐतिहासिक दस्तावेज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रसिद्ध चित्रकार नंदलाल बोस के कलात्मक मार्गदर्शन में तैयार किए गए ये चित्र भारत की सभ्यतागत यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक व्यक्तित्वों तथा स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों को सुंदर रूप में चित्रित करते हैं।
प्रदर्शनी के दौरान अधिवक्ता अदिति द्राल ने अतिथियों को इन चित्रों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने चित्रों में दर्शाई गई ऐतिहासिक घटनाओं, महान व्यक्तित्वों एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ संविधान के विभिन्न भागों से उनके संबंध को भी रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी के समापन समारोह में दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अमित शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार दहिया, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पटियाला हाउस न्यायालय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव