कांग्रेस ने तीन मजदूरों की मौत पर जताया दुख

 




नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्टरी के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने के कारण तीन मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताया।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज भी मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, गैस जांच की व्यवस्था और प्रशिक्षित बचाव तंत्र के बिना ऐसे खतरनाक कार्यों में लगाया जा रहा है। बार-बार ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने में संबंधित विभाग और प्रशासन विफल रहे हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि मजदूरों का जीवन किसी भी कीमत पर जोखिम में नहीं डाला जा सकता। यदि सुरक्षा मानकों का ईमानदारी से पालन किया जाता, तो इन तीन श्रमिकों की जान बचाई जा सकती थी। यह घटना श्रमिक सुरक्षा को लेकर सरकार और संबंधित एजेंसियों की गंभीर विफलता को उजागर करती है। उन्होंने इस हादसे की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, मृतक मजदूरों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा की मांग की है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक मजदूर के जीवन की रक्षा के लिए कानूनों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव