नांगलोई में मकान हादसा: कांग्रेस अध्यक्ष यादव ने जताया शोक, सरकारी नौकरी की मांग
नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने नांगलोई विधानसभा के ज्वालापुरी कॉलोनी में बीते गुरुवार को जर्जर मकान ढहने से बुजुर्ग (शमशुहल) की मौत पर प्रभावित परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। हादसे में एक युवक (सोहेब) घायल भी हुआ है। उन्होंने परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पीड़ित परिवार से शनिवार को मुलाकात करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ प्रदेश महासचिव संगठन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं नांगलोई विधानसभा पूर्व प्रत्याशी रोहित चौधरी, जिला अध्यक्ष वरुण ढाका, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार, महासचिव पीके मिश्रा भी मौजूद रहे।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरफ से अभी तक कोई दुर्घटना पर कोई कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने युवक की जान बचाई और मृत बुर्जुग को मलबे से निकाला। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये ट्रिपल इंजन की सरकार बड़ी-बड़ी बातें और घोषणा तो करती है, लेकिन जब कहीं कोई दुर्घटना या हालात बिगड़ते है तो पूरा तंत्र वहां से गायब नजर आता है।
देवेंद्र यादव ने सरकार से मांग की मकान ढहने वाले परिवार के युवक को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद दी जाए ताकि उसका मकान बन सके। उन्होंने कहा कि ज्वाला पुरी में 50 वर्षों से रहे रहे गरीब लोगों के अधिकतर मकान जर्जर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव