मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया, बच्चों के साथ बिताया समय
नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सराय काले खां स्थित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के प्राथमिक सह-शिक्षा विद्यालय में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया और बच्चों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली सरकार बेहतर सुविधाओं, पोषण और देखभाल के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने तथा हमारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अधिक सहयोग और सम्मान देाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हर बच्चे को एक मजबूत शुरुआत मिलनी चाहिए। हर आंगनवाड़ी दीदी के पास इसे संभव बनाने की ताकत होनी चाहिए। यही दिल्ली का सेवा संकल्प है।”
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ बिताए समय का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई बच्चा उनके पास आकर बैठ गया, किसी ने उनका हाथ थाम लिया और किसी ने अपनी बात सुनाई। उन्होंने कहा कि बच्चों का यह अपनापन मन में उतर जाता है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इन बच्चों के सपनों को हर दिन स्नेह से संवारती हैं और कभी शिक्षक तो कभी मां की तरह उनकी देखभाल करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के हर बच्चे की मुस्कान बनी रहे और उसे संवारने वाली हर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का सम्मान बढ़े, यही सरकार का सेवा संकल्प है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव