मुख्यमंत्री ने की नियुक्तियों और भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा

 


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (डीएसएसएसबी) द्वारा की जा रही भर्ती प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नियुक्तियों में तेजी लाने, भर्ती से जुड़े लंबित मामलों को सुलझाने और योग्य उम्मीदवारों को समय पर अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस बैठक में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को हुई समीक्षा के दौरान लंबित भर्ती परीक्षाएं और नतीजों की घोषणा, विभाग-वार रिक्तियां और भर्ती के लिए मांग-पत्र, टीजीटी भर्ती और सीटीईटी से जुड़े मामलों की प्रगति पर चर्चा की। इसके साथ-साथ उन्होंने बैठक में शिक्षा निदेशालय में रिक्तियां, लंबित नतीजे और डोसियर, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) असिस्टेंट, टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्रिस्ट और रेडियोग्राफर की भर्ती व पैरामेडिकल और नर्सिंग भर्ती से जुड़े ई-अपॉइंटमेंट पोर्टल के मुद्दे की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक पारदर्शी, योग्यता-आधारित और समय-सीमा के भीतर पूरी होने वाली भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी होने से युवाओं के लिए अवसर बढ़ेंगे और साथ ही जरूरी सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति भी बेहतर होगी।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते बताया कि इस समीक्षा बैठक में नियुक्तियों में तेजी लाने, भर्ती से जुड़े लंबित मामलों को सुलझाने और योग्य उम्मीदवारों को समय पर अवसर सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने कहा कि भर्तियों में तेजी लाकर और लंबित रिक्तियों की समस्या का समाधान करके, दिल्ली सरकार योग्य उम्मीदवारों के लिए अधिक अवसर पैदा कर रही है और साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मजबूत कार्यबल तैयार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव