मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली लक्ष्मी योजना का किया शुभारंभ, 65 महिलाओं को सौंपे प्रमाण पत्र
नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के तहत पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र और आर्थिक सहायता प्रदान की। मंच पर 65 पात्र महिलाओं को प्रमाण पत्र सौंपे गए।
इस कार्यक्रम में करीब 2,500 पात्र महिलाएं मौजूद रहीं। योजना के तहत लाभार्थियों को 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणनजीत सिंह संधू, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा, संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद प्रवीण खण्डेलवाल, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज सहित कई विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी