मुख्यमंत्री ने सेंट्रल पार्क में प्लांट मंडल रंगोली का किया शुभारंभ

 


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ ‘प्लांट मंडला रंगोली’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जीवित पौधों से सजी यह सुंदर मंडला रंगोली हमारी भारतीय कला परंपरा और प्रकृति के प्रति प्रेम का अनूठा उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ हम अपनी दिल्ली को भी हरित, सुंदर और विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आप भी अपने परिवार के साथ सेंट्रल पार्क जरूर आइए और इस सुंदर प्लांट मंडला आर्ट का आनंद लीजिए।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह एवं विधायक अशोक गोयल उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि इस रंगोली को बनाने के लिए छोटे गमलों में लगे सजीव पौधों, कटी हुई हरी पत्तियों और रंग-बिरंगे फूलों का इस्तेमाल एक निश्चित ज्यामितीय (सर्कुलर) पैटर्न में किया जाता है। इसमें किसी भी तरह के कृत्रिम या हानिकारक केमिकल वाले रंगों का उपयोग नहीं होता, जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचता। मंडला आकृतियां और हरे-भरे पौधे मिलकर एकाग्रता, शांति और सकारात्मकता का माहौल बनाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव