मुख्यमंत्री ने पिंक सहेली कार्ड पर अफवाहों को किया खारिज, बोली- कितनी भी यात्रा कर सकती हैं महिलाएं

 


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिंक सहेली कार्ड पर 'एक घंटे में एक ही मुफ्त यात्रा की अफवाहों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पिंक कार्ड टैप करते ही महिलाओं को तुरंत टिकट मिल रहा है और वे कितनी भी यात्रा कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) को बेटियों की साइकिल खटक रही है, उन्हें पिंक सहेली कार्ड कैसे सुहाएगा। उन्होंने कहा कि पिंक सहेली कार्ड पूरी तरह काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक लोग प्रोपगैंडा के तहत यह अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि पिंक कार्ड से एक बस में यात्रा करके एक बार टैप कर लेते हो और उतर के दूसरी बस में चढ़ते हो तो वो टैप नहीं हो रहा है। दिल्ली की महिलाएं पिंक कार्ड से कितनी बार भी बस में टैप करके यात्रा कर सकती है, चाहे 5 मिनट बाद ही दूसरी बस में टैप करते हैं, तो टिकट मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में रोजाना 45 लाख लोग यात्रा करते हैं, जिसमें से लगभग 20 लाख महिलाएं यात्रा करती हैं। पहले इन 20 लाख यात्रा (या कह लीजिए 10 लाख बहनों) के लिए जो पैसा दिल्ली सरकार देती थी, उसका कोई खाता-किताब नहीं था। 20 लाख को 30 लाख लिख दिया जाता था या 40 लाख लिख दिया जाता था। बिना किसी हिसाब-किताब के पैसे लिए जा रहे थे। इसमें भ्रष्टाचार करके कुछ लोगों को फायदा दिया जाता था।

उन्होंने कहा कि सहेली पिंक कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यही है कि अब आप जितनी बार भी बस में जाएंगी, आएंगी, उसका सही हिसाब-किताब नोट हो जाएगा। सरकार को जितना पैसा देना है, वह बिना किसी भ्रष्टाचार के, बिना किसी निजी लाभ के, सीधे-सीधे दिया जाएगा। जो लोग चाहते थे कि यह खर्चा बिना हिसाब के किसी निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाता रहे, वो अब नहीं हो रहा। इसलिए उन्हें तकलीफ हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिंक कार्ड अभी तीन महीने तक बनते रहेंगे। महिलाओं को घबराने की जरूरत नहीं है, किसी लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव