नारी शक्ति, सृजन और संस्कार की आधारशिला रही है : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को रामजस कॉलेज में वनवासी कल्याण सेवा समिति द्वारा आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में सम्मिलित हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार की आधारशिला रही है।
उन्होंने कहा कि वनवासी समाज की महिलाएं अपने श्रम, साहस और आत्मसम्मान के साथ समाज को सशक्त बनाने में प्रेरणादायी भूमिका निभाती रही हैं। उनका योगदान केवल परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की धुरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत 'महिला विकास' से आगे बढ़कर 'महिला-नेतृत्व वाले विकास' की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ और अंत्योदय के संकल्प के साथ हमारी सरकार दिल्ली की हर बेटी, बहन और माता को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के नए अवसर देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सशक्त नारी ही समृद्ध समाज और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।
इस अवसर पर लेखिका डॉ. शशी बुबना, अखिल भारतीय सह महिला कार्य प्रमुख अनुराधा भाटिया, वरिष्ठ आयुर्वेद सलाहकार डॉ. रुचि भारद्वाज , रामजस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अजय कुमार अरोड़ा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव