मुख्यमंत्री ने सूर घाट का किया निरीक्षण, छठ से पहले सभी कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

 


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई, जरूरी स्थानों पर मरम्मत और रंग-रोगन कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत की जाए। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जर्जर गेट, जंग लगे ढांचे, मरम्मत की जरूरत वाले हिस्सों, साफ-सफाई आदि को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पानी की व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा और पानी के कनेक्शन की जांच कर श्रद्धालुओं के लिए नहाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बदहाल पर उन्होंने तत्काल साफ-सफाई, मरम्मत तथा समुचित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल योजना बनाना पर्याप्त नहीं है, सभी सुविधाएं वास्तव में चालू और उपयोग के योग्य होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे कार्यों और उनकी समयसीमा की जानकारी ली। स्पष्ट कार्य योजना के अभाव और कमियों को दूर करने के लिए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रत्येक लंबित कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में बसे पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था, भावनाओं और अपनी मिट्टी से जुड़े संस्कारों का उत्सव है। हर व्रती को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। हर व्रती की श्रद्धा का सम्मान और हर परिवार की सुविधा का ध्यान रखते हुए सरकार छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव