मुख्यमंत्री ने आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मेट्रो फेज 4 के अंतर्गत आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मेट्रो दिल्ली की जीवनरेखा है। रोज लाखों यात्री इसमें सफर करते हैं, इसलिए हर कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा और तय समयसीमा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने डीएमआरसी के अधिकारियों के साथ प्रगति की स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य में गति और पारदर्शिता बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप मजबूत और आधुनिक कनेक्टिविटी तैयार करना हमारी प्राथमिकता है। विकसित दिल्ली के निर्माण में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने मेट्रो फेज-4 के तीन नए कॉरिडोर (लाजपत नगर-साकेत, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ, रिठाला-कुंडली) के लिए 3,386.18 करोड़ रुपये का फंड जारी किया है। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 14,630.80 करोड़ रुपये है, और इनका लक्ष्य अगले 4 वर्षों में 47.22 किमी का नेटवर्क पूरा करना है। इन कॉरिडोरों से उत्तर, मध्य और दक्षिणी दिल्ली को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव