(लीड) मुख्यमंत्री ने गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर 2-लेन स्लिप रोड पुल का किया लोकार्पण

 


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर नवनिर्मित 2-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पटपड़गंज से विधायक रविंद्र सिंह नेगी और त्रिलोकपुरी से विधायक रविकांत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति मिली है और दिल्ली विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है। आज पूर्वी दिल्ली के कोंडली क्षेत्र में बड़े नाले पर निर्मित दो नवनिर्मित स्लिप रोड ब्रिजों का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इन पुलों के निर्माण से त्रिलोकपुरी, कोंडली और पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क, सुगम आवागमन और अधिक सुविधाजनक यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ दैनिक यात्रियों की आवाजाही को और आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का ध्यान ऐसी आधारभूत संरचना विकसित करने पर है, जिसका सीधा और व्यापक लाभ आम नागरिकों को मिले। सड़क नेटवर्क को मजबूत करना, यातायात के दबाव को कम करना और दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों के बीच बेहतर आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कोंडली में यह परियोजना बेहतर कनेक्टेड, सुगम और विकसित दिल्ली की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के साथ-साथ सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस स्लिप रोड परियोजना का लोकार्पण किया जा रहा है, वह भी लंबे समय से स्वीकृत थी, लेकिन इसके कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गई थीं। दिल्ली में नई सरकार बनने के बाद आवश्यक एनओसी और स्वीकृतियां प्रदान की गईं, दोबारा फंड आवंटित किया गया और अब यह परियोजना जनता को समर्पित की जा रही है। दिल्ली में लंबे समय से ड्रेनेज सिस्टम के आधुनिकीकरण की आवश्यकता थी। बढ़ती आबादी और बदलती जरूरतों के बावजूद पुराने नालों और ड्रेनेज नेटवर्क के उत्थान, डिसिल्टिंग और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसका परिणाम बारिश के दौरान जलभराव और नागरिकों को होने वाली परेशानियों के रूप में सामने आता रहा। वर्तमान सरकार ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रही है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि कोंडली में गाजीपुर ड्रेन एवं हिंडन नहर पर नवनिर्मित 2-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण क्षेत्र में बेहतर आवागमन और सुगम यातायात की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से कोंडली, कल्याणपुरी, गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा, साथ ही मौजूदा कोंडली ब्रिज पर यातायात के दबाव और जाम को कम करने में मदद मिलेगी।

इस परियोजना के तहत कोंडली ब्रिज पर गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर के ऊपर 2-लेन के दो स्लिप रोड ब्रिज बनाए गए हैं। पहले कल्याणपुरी, गाजीपुर और नोएडा की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के एक साथ मिलने से पीक आवर्स में अक्सर जाम लगता था। नए स्लिप रोड ब्रिज बनने से मुख्य चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव और आपसी टकराव कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुचारु होगी।

यह मार्ग चंद सिनेमा रोड, गाजीपुर रोड और कोंडली ब्रिज के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करेगा। इससे कोंडली, कल्याणपुरी, गाजीपुर और गाजीपुर डेयरी फार्म रोड क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क, वैकल्पिक मार्ग और समय की बचत का लाभ मिलेगा। पुलों की मजबूत नींव 1200 मिमी व्यास के आरसीसी कास्ट-इन-सीटू पाइल्स से तैयार की गई है। नालों के ऊपर स्टील प्लेट गर्डर्स के साथ सुरक्षित फुटपाथ भी बनाए गए हैं, जिससे पैदल यात्रियों की आवाजाही भी आसान और सुरक्षित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव