मालवीय नगर अग्निकांड को लेकर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बुलाई उच्चस्तरीय बैठक
नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। मालवीय नगर अग्निकांड जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने, अनधिकृत निर्माणों और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। दिल्ली सचिवालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, डीडीए, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली जल बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बयान जारी करते हुए कहा कि मालवीय नगर के एक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग की घटना के पीछे रही कमियों की गंभीरता से जांच की जाएगी और इसकी जवाबदेही निर्धारित होगी। उन्होंने दोहराया कि राजधानी में अवैध संपत्तियों, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटलों एवं गेस्ट हाउसों तथा उन सभी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो अग्नि सुरक्षा नियमों और भवन उपविधियों (बिल्डिंग बाय-लॉज) का उल्लंघन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने के लिए अधिक कठोर और जवाबदेह नियम लागू करेगी। दिल्ली सरकार अवैध रूप से संचालित हो रहे होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ कार्रवाई करेगी तथा सुरक्षा और निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव