हरितालिका तीज नारी के संकल्प और शक्ति की गाथा : रेखा गुप्ता

 






नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में ‘हरितालिका तीज महोत्सव’ में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज केवल एक व्रत नहीं, बल्कि नारी के संकल्प और शक्ति की गाथा है। माता पार्वती के तप और संकल्प से जुड़ा यह पर्व आज भी हमारी माताओं और बहनों की आस्था, शक्ति और समर्पण का प्रतीक है।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, योग गुरु स्वामी रामदेव, आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण सहित नेपाली एवं गोरखाली समाज के विशिष्ट लोग भी उपस्थित रहे। इस उत्सव का आयोजन ‘हमरो स्वाभिमान ट्रस्ट’ ने किया था। कार्यक्रम में समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली दस विभूतियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने हरितालिका तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरितालिका तीज व्रत नहीं, बल्कि नारी के संकल्प और शक्ति की गाथा है। माता पार्वती के तप और संकल्प से जुड़ा यह पर्व आज भी हमारी माताओं और बहनों की आस्था, शक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तीज के गीत और परंपराएं महिलाओं की भावनाओं और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जो संस्कृति अपनी नारियों के पर्वों को जीवित रखती है, वह संस्कृति कभी नष्ट नहीं होती। उन्होंने हरितालिका तीज को नेपाली एवं गोर्खाली नारी की शक्ति और स्वाभिमान का पर्व बताते हुए समाज की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ दिल्ली में भी बड़ी संख्या में नेपाली व गोरखाली समाज के लोग रहते हैं। इस समाज की पहचान केवल संख्या से नहीं, बल्कि उनके साहस, अनुशासन, ईमानदारी और निष्ठा से होती है। राष्ट्र की सुरक्षा से लेकर शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, संगीत, खेल और व्यापार तक इस समाज के लोगों ने देश के विकास और गौरव में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस अवसर पर दस विभूतियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि किसी पर्व को मनाना एक बात है, लेकिन उन सैनिकों, शिक्षकों, किसानों, कलाकारों और अधिकारियों को पहचानना और सम्मानित करना, जिनके योगदान को पर्याप्त पहचान नहीं मिली, उससे कहीं बड़ा कार्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज के योगदान का अभिलेख है। मुख्यमंत्री ने सम्मानित की गई दस विभूतियों को दिल्ली सरकार और दिल्ली की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने आयोजन के लिए बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण की सराहना की। उन्होंने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर दिल्ली वासियों की संवेदनशीलता और सहयोग के लिए लोगों को नमन किया। कपिल मिश्रा ने कहा कि योग, आयुर्वेद और हमारी सनातन संस्कृति केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए ज्ञान और स्वस्थ जीवन का मार्ग हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम अपनी समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में एकता, सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहे हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव