मुख्यमंत्री ने सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड किया साझा
नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा के बेगम विहार में जनसभा करके पिछले एक वर्ष में सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड साझा किया।
उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पोस्ट करते हुए कहा कि वर्षों तक यह क्षेत्र पिछली सरकारों की उपेक्षा का शिकार रहा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने पिछले एक वर्ष में अंत्योदय के संकल्प के साथ उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में सड़क, पानी, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास को तेज गति दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली बदल रही है, प्रगति कर रही है और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है। यह सब आपके एक वोट की ताकत से संभव हुआ है।
इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चंदोलिया, कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, विधायक एवं ग्राम विकास बोर्ड के अध्यक्ष राज कुमार चौहान, विधायक कुलवंत राणा, राजकरण खत्री, अहीर दीपक चौधरी, गजेंद्र दराल उपस्थिति रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव