मुख्यमंत्री ने दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा को दी शुभकामनाएं, बोलीं- विकसित दिल्ली को मिलेगी नई गति

 


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा को भाजपा कार्यालय पहुंचकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि हर्ष मल्होत्रा का संगठन के प्रति दीर्घकालिक समर्पण, जमीनी कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव सदैव प्रेरणादायी रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाने के कारण मल्होत्रा को कार्यकर्ताओं और पार्टी की विचारधारा दोनों की गहरी समझ है, जिसका लाभ निश्चित रूप से दिल्ली भाजपा संगठन को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और विकसित दिल्ली के विजन को हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में नई गति और मजबूती प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी संगठन निरंतर विस्तार और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे समय में हर्ष मल्होत्रा जैसे अनुभवी और संगठननिष्ठ नेता के नेतृत्व से दिल्ली भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण से पार्टी संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि हर्ष मल्होत्रा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण है। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता के रूप में मल्होत्रा सदैव संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करते रहे हैं और यही कार्यशैली संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने उनके सफल, प्रेरणादायी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा तथा विकास और सुशासन के संकल्प को नई दिशा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव