मुकुंदपुर में बच्ची की नाले में गिरने से मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए कड़े निर्देश

 


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भलस्वा डेयरी स्थित मुकुंदपुर इलाके के एक खुले नाले में गिरने से मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताया और कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग (आईएंडएफसी) ने अनुबंध पर रखे जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया है।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खुले नालों व जान-माल के लिए खतरा पैदा करने वाले स्थलों की पहचान कर उन्हें तुरंत दुरुस्त करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सीधे जवाबदेही तय होगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना ही इस बच्ची के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी