मुख्यमंत्री ने ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने पर आआपा के शीर्ष नेताओं से मांगा जवाब
नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि अदालत द्वारा दिल्ली दंगों के मामले में ताहिर हुसैन को दोषी करार दिया जाना उन पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिन्होंने उस हिंसा में अपने प्रियजनों को खोया और भारी पीड़ा झेली। दिल्ली में दंगे भड़काने, हत्या और व्यापक हिंसा फैलाने के लिए दोषी पाए गए व्यक्ति के साथ आम आदमी पार्टी (आआपा) के राजनीतिक संबंधों और संरक्षण पर पार्टी नेतृत्व को जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आआपा के शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह और पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया से पूछा कि दिल्ली की जनता को इस पूरे प्रकरण पर जवाब कब मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली दंगों के दौरान राजधानी ने हिंसा, पत्थरबाजी और अराजकता का भयावह दौर देखा, जिसमें अनेक लोगों की जान गई और कई परिवार प्रभावित हुए। उस समय की घटनाएं आज भी दिल्लीवासियों के मन में कई सवाल खड़े करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए और दंगों के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना सरकार की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव