महिला पत्रकार से मारपीट की खबरों का दिल्ली पुलिस ने किया खंडन, बताया भ्रामक

 


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने पर मारपीट की सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर को गलत और भ्रामक बताया है। पुलिस ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि दो महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल के पास अपनी स्कूटी खड़ी करके निर्धारित वीवीआईपी मार्ग को बाधित कर दिया था। वाहन हटाने और मार्ग को खाली करने के लिए बार-बार अनुरोध और निर्देश देने के बावजूद उन्होंने हटने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि वीवीआईपी मार्ग के सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए दोनों महिलाओं को आगे की पूछताछ के लिए स्थानीय थाने ले जाया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री से सवाल पूछने पर मारपीट का आरोप भी पूरी तरह से झूठ, भ्रामक और निराधार हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को सलाह दी जाती है कि वे असत्यापित और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने से बचें।

उल्लेखनीय है कि 4पीएम नेटवर्क दिल्ली की मुख्यमंत्री से सवाल पूछने पर उनकी महिला पत्रकार से थाने में मारपीट करने का आरोप लगा रहा है।

सोशल मीडिया चैनल की पत्रकार ने थाने के भीतर से पूरे मामले पर वीडियो बनाकर दावा किया है कि उसके और उसके साथी के साथ मारपीट की गई ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव