मुख्यमंत्री ने मुंडका में 200 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

 


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मुंडका विधानसभा में 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये तो अभी शुरुआत है और आने वाले 4 साल में दिल्ली देहात के हर गांव को पक्की सड़कों, मजबूत ड्रेनेज, स्वच्छ जल, आधुनिक स्कूलों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पिछले एक साल में हमारी सरकार ने अंत्योदय के संकल्प के साथ ग्रामीण दिल्ली में सड़क, पानी, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र वर्षों तक उपेक्षा का शिकार रहे, अब वहीं विकास की नई रेखा खींची जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित पड़े दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड को फिर से सक्रिय कर 1000 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है, ताकि गांवों का विकास लगातार आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक वर्ष में ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्रामीण दिल्ली को विकसित दिल्ली की मजबूत नींव बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार चौहान, विधायक गजेंद्र दराल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव